भाजपा नेता स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर माल्यार्पण कर जयंती मनाई, सुमित्रा महाजन, गोपीकृष्ण नेमा सरीखे वरिष्ठ नेता भी थे मौजूद

इंदौर 23 अगस्त,2019/भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा, नगर महामंत्री मुकेशसिंह राजावत, गणेश गोयल, घनश्याम शेर ने बताया कि भाजपा के पितृ पुरूष, कुशल संगठक श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे की 97वीं जयंती पर आज वी.आई.पी रोड़ शांतिपथ स्थित प्रतिमा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
इस अवसर पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि श्री कुशाभाऊ ठाकरे नैतिकता, आदर्श व सिद्धांतों के प्रकाश स्तंभ थे, वे निष्काम कर्मयोगी थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की बुनियाद को मजबूत बनाने में उनका योगदान अमूल्य है। वे जीवनपर्यंत बेदाग रहे। श्री ठाकरे भाजपा के उन नेताओं में से थे, जिन्होंने साइकिल चलाकर और चने खाकर पार्टी का काम किया। यही कारण है कि पार्टी में उनका व्यापक प्रभाव था। संघ का प्रचारक बनने के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश के कोने-कोने में निष्ठावान स्वयंसेवकों की सेना खड़ी की, वे कुशल संगठनकर्ता थे।
श्री कुशाभाऊ ठाकरे ने संघ में काम की शुरुआत उस समय की थी, जब इस संगठन का विस्तार व्यापक नहीं था। सच तो यह है कि किसी विचारधारा और लक्ष्य के प्रति उनके समान निष्ठा विरले लोगों में देखी जाती है। उनके सार्वजनिक जीवन को दो हिस्सों में बांटा जा सकता है, वे प्रारंभ में केवल संघ के काम से जुड़े रहे। जनसंघ (अब भाजपा) की स्थापना के बाद उनका संबंध राजनैतिक गतिविधियों से हुआ। उन्होंने अपने-आपको संगठन तक सीमित रखा और संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सदैव कार्य करते रहे।
वरिष्ठ नेता श्री कृष्णमुरारी मोघे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरूष, कुशल संगठक श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरेजी अभूतपूर्व प्रतिभा के धनी थे। उनकी कार्यशैली साथ ही उनकी सुचिता व सरलता भी अदभुत थी। ठाकरेजी के द्वारा तैयार किये गये कई कार्यकर्ता आज भी पार्टी का कार्य सफलतापूर्वक कर रहे है। भारतीय जनता पार्टी संगठन के प्रारंभ को जिस तरीके से श्री ठाकरेजी ने कढा़ संघर्ष करके खडा़ किया था, उसी का परिणाम है आज हम सब भारतीय जनता पार्टी को इस मुकाम पर देख रहे है। श्री ठाकरेजी के द्वारा संगठन के विस्तार के लिए उठाए गए कदमों पर चलकर भाजपा का कार्यकर्ता एक सफल राजनीतिक कार्यकर्ता बना है। भारतीय जनता पार्टी उनके त्याग व तपस्या को कभी भुला नहीं सकती ।
इस अवसर पर ठाकरेजी अमर रहे के नारे के साथ श्रीमती सुमित्रा महाजन, कृष्णमुरारी मोघे, विधायक आकाश विजयवर्गीय, सुदर्शन गुप्ता, गणेश गोयल, घनश्याम शेर, कमल बाघेला, अजयसिंह नरुका, अभिषेक बबलू शर्मा, नानूराम कुमावत, जयदीप जैन, सोनू राठौर, ज्योति तोमर, वीणा शर्मा, जयश्री जातेगांवकर, मुकेश मंगल, शोभा गर्ग, सुधा शर्मा, दीपक टीनू जैन, विजय मालानी, रोहित चौधरी, संतोष गौर, निरंजनसिंह चौहान, अमित सिंह चौहान,दिनेश शुक्ला, रामदास गर्ग, संजय कटारिया, अखिलेश शाह, नितिन शर्मा, सुरेंद्र वाजपेई, एस एल शर्मा, अजय जैन, मनोज पाल, घनश्याम व्यास, कैलाश यादव, राजेंद्र केलोनिया, कंचन गिदवानी, मांगीलाल रेडवाल, दिनेश खंडेलवाल, बबली तलरेजा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने श्री ठाकरेजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।