
जयपुर -जल संसाधन विभाग के शासन सचिव डॉ. पृथ्वी राज ने मंगलवार को शासन सचिवालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक में महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इनका कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं के कार्यों में गुणवत्ता पर पूरा ध्यान दिया जाए।
शासन सचिव ने विभागीय अधिकारियों से राज्य के परिप्रेक्ष्य में उपलब्ध सतही पानी, भूजल की स्थिति, बेसिनवार मौजूदा परियोजनाएं, प्रगतिरत परियोजनाओं एवं बेसिनों में उपलब्ध सरप्लस पानी की उपलब्धता पर चर्चा की। उन्होंने परवन परियोजना एवं ईसरदा बांध परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की एवं इन परियोजनाओं के कार्यों को निर्धारित समय पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में डॉ. पृथ्वी राज ने इन्दिरा गांधी नहर परियोजना, भाखड़ा नहर परियोजना, गंगनहर परियोजना तथा चम्बल कमाण्ड परियोजना जैसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में काश्तकारों को सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता के बारे में भी विस्तार से चर्चा की और अन्तिम छोर तक किसानों को सिंचाई पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में राज्य में संभागवार वर्षा की स्थिति एवं बांधों में उपलब्ध पानी की स्थिति के बारे में भी अधिकारियों से फीडबैक लिया।
बैठक में विभाग के मुख्य अभियन्ता-स्टेट वाटर प्लानिंग विभाग श्री रवि सोलंकी, मुख्य अभियन्ता-कमाण्ड एरिया डवलपमेन्ट श्री असीम मार्कण्डेय तथा मुख्य अभियन्ता-गुण नियंत्रण एवं सतर्कता श्री अमरजीत सिंह मेहरड़ा उपस्थित रहे।